सर्दियों में सर्दी-जुकाम से कैसे बचें? शुरुआती लक्षण दिखते ही अपनाएं ये आसान उपाय
सर्दियों में सर्दी-जुकाम और गले की खराश से बचने के लिए शुरुआती लक्षणों पर ध्यान दें और ये आसान घरेलू उपाय अपनाएं।
by SNEHA SHARMA
सर्दियों का मौसम आते ही कई लोगों को सर्दी-जुकाम की समस्या घेर लेती है। नाक बहना, गले में खराश और लगातार छींक आना इसके आम लक्षण हैं। यह परेशानी कई तरह के वायरस के कारण होती है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैलती है। हालांकि, अगर शुरुआत में ही कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, तो इसकी चपेट में आने से काफी हद तक बचा जा सकता है।
जुकाम के शुरुआती लक्षण दिखते ही क्या करें
अगर सुबह उठते ही गले में हल्की खराश, नाक में खुजली, छींक या नाक बहने जैसी दिक्कत महसूस हो, तो सबसे पहले अपने शरीर को पूरा आराम दें। पर्याप्त मात्रा में नींद लें और दिनभर पानी पीते रहें। गले की खराश से राहत पाने के लिए गुनगुने पानी में नमक मिलाकर गरारे करना फायदेमंद होता है। खांसी होने पर एक साल से अधिक उम्र के लोगों को शहद से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन एक साल से छोटे बच्चों को शहद बिल्कुल न दें।
जुकाम से बचाव के आसान तरीके
जुकाम से बचने के लिए साफ-सफाई का खास ख्याल रखना जरूरी है। बाहर से घर लौटने के बाद और कुछ भी खाने से पहले अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। बार-बार अपनी आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें। यदि आपके आसपास किसी को जुकाम है, तो उसके साथ अपना तौलिया, रूमाल या पानी का गिलास शेयर न करें। खांसते या छींकते वक्त अपने मुंह और नाक को टिश्यू या कोहनी से ढकें।
डॉक्टर को कब दिखाना जरूरी है
सामान्य जुकाम आमतौर पर समय के साथ ठीक हो जाता है, लेकिन अगर बुखार चार दिन से ज्यादा रहे, सांस लेने में तकलीफ हो, सीने में दर्द हो या दस दिन बाद भी लक्षण ठीक न हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी तरह की एंटीबायोटिक दवा लेने से बचें, क्योंकि वे वायरस पर असर नहीं करतीं।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: