बस्ती में वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ी, 7 हजार संदिग्धों की जांच शुरू
उत्तर प्रदेश के बस्ती में मतदाता सूची के विशेष अभियान के दौरान एक ही व्यक्ति के नाम कई जगह दर्ज होने का मामला सामने आया है।
by NIDHI JANGIR
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मतदाता सूची के विशेष अभियान के दौरान बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। यहां एक ही व्यक्ति का नाम दो से तीन जगह दर्ज होने के मामले सामने आए हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में नाम, पता और फोटो एक जैसे हैं, लेकिन वोटर आईडी यानी EPIC नंबर अलग-अलग हैं। वहीं कुछ मामलों में एक ही नाम के साथ अलग-अलग तस्वीरें भी दर्ज पाई गई हैं।
लगभग 7 हजार संदिग्ध नाम जांच के दायरे में
बस्ती जिले के खैर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। निर्वाचन कर्मचारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि लगभग 7 हजार नाम सस्पेक्ट हैं जिनकी जांच की जा रही है। जो नाम डबल पाए जा रहे हैं, उन्हें डिलीट किया जा रहा है। एडीएम ज्ञान चंद्र गुप्ता ने बताया कि अभी तक 152 नाम सूची में डबल होने की जानकारी मिली है जिसकी जांच जारी है।
कई मामलों में एक ही नाम कई जगह दर्ज
जांच के दौरान कई चौंकाने वाले उदाहरण सामने आए हैं। खैर कॉलेज में अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं आसिया खातून ने बताया कि मतदाता सूची में उनका नाम तीन जगह दर्ज है। तीनों प्रविष्टियों में फोटो एक जैसी है लेकिन EPIC नंबर अलग-अलग हैं। इसी तरह गुड़िया, कुसुम देवी, अदीबा वहीद और अब्दुल हमीद के मामलों में भी दोहरी प्रविष्टियां मिलने की बात सामने आई है।
पीलीभीत और आजमगढ़ में भी हो चुकी है कार्रवाई
मतदाता सूची में गड़बड़ी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पीलीभीत में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर एसडीएम रैंक के दो अफसरों को सस्पेंड किया जा चुका है। वहीं आजमगढ़ में भी वोटर लिस्ट में एक ही नाम कई बार दर्ज मिलने पर निर्वाचन आयोग ने सख्त एक्शन लिया था। बस्ती में चल रहे इस विशेष अभियान के बाद अब प्रशासन की नजर सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने पर है।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: