दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, लगेंगे 8 निगरानी टावर्स
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 8 निगरानी टावर बनाए जा रहे हैं। सीआरपीएफ जवानों के लिए स्पेशल पेट्रोलिंग रूट भी तैयार किया जा रहा है।
by NEHA RAJPUT
दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल आठ निगरानी टावर लगाए जाएंगे, जिनमें से एक टावर का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है।
सुरक्षा चूक के बाद उठाया गया कदम
यह पूरा सुरक्षा कदम इस साल अप्रैल में हुई सुरक्षा चूक के बाद उठाया जा रहा है। उस दौरान एक अज्ञात कार बिना अनुमति के विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई थी। इस घटना के बाद से ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही थी और अब इसे पूरी तरह से पुख्ता किया जा रहा है।
CRPF जवानों के लिए विशेष पेट्रोलिंग रूट
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि विधानसभा परिसर की चारदीवारी के चारों ओर सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ के जवानों के लिए एक विशेष गश्ती मार्ग विकसित किया जा रहा है। इस विशेष रूट का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा भी हो चुका है।
निगरानी टावरों पर होगी CRPF की तैनाती
विधानसभा परिसर के सामने और पीछे के हिस्से के साथ-साथ स्वागत कक्ष के पीछे ये नए निगरानी टावर बनाए जा रहे हैं। इन सभी टावरों पर सीआरपीएफ के जवान तैनात होंगे जो परिसर की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। बता दें कि वर्तमान में विधानसभा परिसर के अंदर करीब 120 सीसीटीवी कैमरे पहले से ही लगे हुए हैं।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: