एकनाथ शिंदे को दोबारा सीएम बनना है तो बीजेपी से जीतनी होंगी ज्यादा सीटें: रामदास आठवले
रामदास आठवले ने कहा कि एकनाथ शिंदे के समर्थक चाहते हैं कि वे फिर से मुख्यमंत्री बनें, लेकिन इसके लिए उन्हें बीजेपी से ज्यादा सीटें जीतनी होंगी।
by SNEHA SHARMA
मुंबई में दशहरा रैली के दौरान शिवसेना के मंत्री गुलाबराव पाटिल के दावे के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पाटिल ने दावा किया था कि आने वाले दिनों में एकनाथ शिंदे एक बार फिर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे। इस बयान पर अब केंद्रीय मंत्री और आरपीआई नेता रामदास आठवले की प्रतिक्रिया सामने आई है।
बीजेपी से ज्यादा सीटें जीतने की शर्त
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि एकनाथ शिंदे के समर्थक चाहते हैं कि वे दोबारा राज्य के मुख्यमंत्री बनें। उनका ऐसा चाहना स्वाभाविक भी है। हालांकि, इसके लिए एकनाथ शिंदे की पार्टी को बीजेपी से ज्यादा सीटें जीतनी होंगी। आठवले ने कहा कि यह अच्छी बात है कि वे बीजेपी से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद कर रहे हैं।
एकनाथ शिंदे के काम की तारीफ
रामदास आठवले ने मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिंदे ने पिछले ढाई साल तक मुख्यमंत्री के तौर पर बहुत अच्छा काम किया है। वे एक जमीन से जुड़े नेता हैं जो ऑटो-रिक्शा चलाने से लेकर आगे बढ़कर शिवसेना के जरिए मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे। बीजेपी ने उन्हें ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद सौंपा था।
महायुति में कोई विवाद नहीं
महायुति गठबंधन में किसी भी तरह के मतभेद से इनकार करते हुए आठवले ने कहा कि हमारे गठबंधन में सब कुछ ठीक है और कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री हैं क्योंकि भाजपा ने 132 सीटें हासिल की हैं, जबकि एकनाथ शिंदे की पार्टी ने 57 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
संजय राउत के बयान पर निशाना
उद्धव शिवसेना के नेता संजय राउत के बयानों पर भी आठवले ने तीखी प्रतिक्रिया दी। संजय राउत के 'असली बिश्नोई तो अमित शाह हैं' वाले बयान को उन्होंने पूरी तरह अनुचित बताया। आठवले ने कहा कि देश के गृह मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह की तुलना किसी से करना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि संजय राउत हमेशा ऐसे बयान देते रहते हैं और वे लगातार कहते हैं कि जब हमारी सरकार आएगी, जो कि पूरी तरह निराधार है।
Related Articles
These articles might be interesting for you as well: