

टॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेताओं में शुमार तेजा सज्जा जल्द ही अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। फिल्म HanuMan की जबरदस्त सफलता के बाद रातोंरात स्टार बने तेजा सज्जा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
नवंबर में सगाई और दिसंबर में होगी शादी
इंडस्ट्री से सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेजा सज्जा नवंबर के महीने में सगाई कर सकते हैं और दिसंबर में उनकी शादी तय मानी जा रही है। अभिनेता ने अपनी शादी के लिए उदयपुर को चुना है। उदयपुर के शाही महलों और खूबसूरत नजारों के बीच यह डेस्टिनेशन वेडिंग होगी, जिसमें केवल परिवार के खास सदस्य ही शामिल होंगे।
कौन है होने वाली दुल्हन?
सामने आई जानकारी के अनुसार, यह एक अरेंज मैरिज है। तेजा की होने वाली दुल्हन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनका फिल्म इंडस्ट्री से कोई ताल्लुक नहीं है। वह अमेरिका में पैदा हुईं और पली-बढ़ी हैं, लेकिन अब भारत में ही बस चुकी हैं। हिंदू रीति-रिवाजों के साथ यह शादी संपन्न होगी। अभिनेता जल्द ही मीडिया के साथ अपनी शादी से जुड़ी आधिकारिक जानकारियां साझा कर सकते हैं।
वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं तेजा सज्जा
शादी के साथ-साथ तेजा सज्जा अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी काफी चर्चा में हैं। 'HanuMan' की ऐतिहासिक सफलता के बाद उन्होंने फेंटेसी एक्शन-एडवेंचर फिल्म Mirai में काम किया। इसके अलावा वह 'Zombie Reddy NXT LVL' और प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बन रही बहुप्रतिक्षित फिल्म Jai HanuMan में भी नजर आएंगे, जिसमें वह हनुमानथू के अपने किरदार को दोहराएंगे।
