बॉलीवुड में ऐतिहासिक और भव्य फिल्मों के निर्माण का दौर जारी है। इसी कड़ी में मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर एक बड़े पैमाने पर फिल्म बनने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए भूषण कुमार की टी-सीरीज आधिकारिक तौर पर जुड़ गई है।

फिल्म से जुड़े बड़े नाम
द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज नाम के इस दो-पार्ट प्रोजेक्ट में भूषण कुमार, संदीप सिंह और ऋषभ शेट्टी एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस फिल्म के जरिए छत्रपति शिवाजी महाराज के महान जीवन और उनके स्वराज के विजन को बड़े पर्दे पर उतारा जाएगा। इस सहयोग को खास बनाने के लिए भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक सदी पुरानी पेंटिंग भी भेंट की।
क्या होगा फिल्म में खास
यह ऐतिहासिक फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन के अहम पलों, उनकी लड़ाइयों, विजय गाथाओं, बलिदानों और कई अनसुनी कहानियों को दिखाएगी। इसके अलावा फिल्म में उनकी नेतृत्व क्षमता, सैन्य रणनीतियों और स्वराज के सपने को भी दर्शाया जाएगा, जो आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

कब शुरू होगी शूटिंग
इस फिल्म को बहुत बड़े पैमाने पर प्लान किया गया है। इसमें देश-विदेश के कई बेहतरीन कलाकार और क्रू मेंबर शामिल होंगे। निर्माता भूषण कुमार का कहना है कि शिवाजी महाराज की विरासत को सिनेमा के जरिए दुनिया के सामने लाना हम सबकी जिम्मेदारी है। फिल्म फिलहाल अपने प्री-प्रोडक्शन फेज में है और इसकी शूटिंग साल 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।
