प्रसिद्ध रैपर और सिंगर Yo Yo Honey Singh शुक्रवार को महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए। दिल्ली में जनवरी में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दर्ज की गई शिकायत के सिलसिले में उनसे दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।
क्यों भेजा गया था समन?
मुंबई के एक निवासी द्वारा टिप्पणियों को लेकर शिकायत दर्ज कराने के बाद, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर सेल के अनुसार, 43 वर्षीय सिंगर को इससे पहले तीन बार समन भेजा गया था, लेकिन वह विदेश में होने का हवाला देकर पेश नहीं हुए थे। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें 16 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश देते हुए नया समन जारी किया था।
दो घंटे से ज्यादा चली पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, यो यो हनी सिंह शुक्रवार को जांच अधिकारियों के सामने पेश हुए और उनसे दो घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद वह मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना ही वहां से चले गए।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला जनवरी में दिल्ली के एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह द्वारा की गई कथित अशिष्ट टिप्पणियों से जुड़ा है। इस परफॉर्मेंस का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद कई यूजर्स ने इसकी आलोचना की थी। ऑनलाइन आलोचना के बाद, मुंबई के एक नागरिक ने साइबर पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
वीडियो जारी कर मांग चुके हैं माफी
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी और स्वीकार किया था कि उनके शब्दों के चुनाव से लोगों को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा था कि Gen Z को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी बात रखी थी, लेकिन उनका तरीका अनुचित था और इसके लिए उन्हें गहरा खेद है।
