दशहरा के अवसर पर आज दिल्ली-NCR में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से सख्त कर दिया गया है। त्योहार के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है। भीड़ और सुरक्षा पर नजर रखने के लिए प्रमुख आयोजनों वाली जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
13 हजार पुलिसकर्मी तैनात
रिपोर्ट के अनुसार, दशहरे के मौके पर भीड़ को संभालने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिल्ली-NCR में 13,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अकेले दिल्ली में 10 हजार, गुरुग्राम में 2,200 और फरीदाबाद में 1,200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की यह तैनाती प्रमुख मंदिरों, पूजा पंडालों, मेलों और जुलूस वाले इलाकों में की गई है।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में खास इंतजाम
गुरुग्राम में 66 रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिनमें 12 बड़े और 54 छोटे स्थल शामिल हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में 17 धार्मिक जुलूसों के लिए भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ईस्ट जोन, वेस्ट जोन, साउथ जोन और मानेसर जोन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन और सादे कपड़ों में पुलिस
आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। चोरी और झपटमारी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस और हर जोन में क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लें।
