Breaking

FIFA Peace Prize: डोनाल्ड ट्रंप को मिला फीफा शांति पुरस्कार हो सकता है बंद, सिर्फ एक साल में विवादों में घिरा अवार्ड

फीफा शांति पुरस्कार विवादों में घिर गया है। सिर्फ एक साल पहले डोनाल्ड ट्रंप को मिले इस अवार्ड को बंद करने पर विचार किया जा रहा है।

FIFA Peace Prize: डोनाल्ड ट्रंप को मिला फीफा शांति पुरस्कार हो सकता है बंद, सिर्फ एक साल में विवादों में घिरा अवार्ड

फीफा का विवादित शांति पुरस्कार शुरू होने के महज एक साल बाद ही बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। इस पुरस्कार के पहले विजेता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थे। ज्यूरिख में हुई फीफा काउंसिल की बैठक में वैश्विक निकाय ने तय किया कि फीफा की सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कमेटी इस पुरस्कार के औचित्य का आकलन करेगी।

कमेटी तय करेगी पुरस्कार का भविष्य

द एथलेटिक की एक रिपोर्ट के अनुसार, 22 सदस्यीय कमेटी अब यह तय करेगी कि फीफा शांति पुरस्कार को इस साल से जारी रखा जाना चाहिए या नहीं। कमेटी यह निर्देश भी दे सकती है कि यह पुरस्कार अब राजनेताओं को न दिया जाए या इसे पूरी तरह से बंद कर दिया जाए।

दिसंबर 2025 में वाशिंगटन में 2026 विश्व कप ड्रॉ से ठीक पहले जियानी इन्फेंटिनो ने डोनाल्ड ट्रंप को यह फीफा शांति पुरस्कार सौंपा था। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इस पुरस्कार को संगठन के निर्णय लेने वाले निकाय, फीफा काउंसिल द्वारा अधिकृत नहीं किया गया था। फुटबॉल सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कमेटी दोहा में होने वाली अगली फीफा काउंसिल की बैठक से पहले अपना फैसला सार्वजनिक करेगी।

इन्फेंटिनो पर बढ़ा दबाव

द गार्डियन की एक रिपोर्ट के अनुसार, काउंसिल के कई सदस्यों ने इन्फेंटिनो से इस पुरस्कार को रद्द करने या इसे राजनीति से दूर रखने की मांग की थी। इन्फेंटिनो पिछले 11 वर्षों से फीफा के अध्यक्ष हैं और अगले साल फिर से चुनाव लड़ना चाहते हैं। बैठक के दौरान उन्हें विश्व कप के लिए अपनी गुप्त निवेश योजना में 'गलतियों' के लिए माफी मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा।

Continue Reading • For You