टेलीविजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। लोकप्रिय टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 27 अक्टूबर को 33 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इस अचानक हुई मौत से उनके फैंस और पूरी टेलीविजन इंडस्ट्री सदमे में है। अभिनेता के असामयिक निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने सोशल मीडिया के जरिए की है।

नींद के दौरान आया सीजर
रूपेश ने मीडिया को बताया कि अनुज हर दिन सुबह साढ़े चार बजे उठकर अपनी फिटनेस रूटीन और जॉगिंग का पालन करते थे। हालांकि, घटना वाले दिन जब उनका अलार्म बजा और वह नहीं उठे, तो उनकी मां ने कमरे में जाकर देखा। मां ने पाया कि अनुज की मौत हो चुकी है। डॉक्टरों और परिवार के अनुसार, नींद के दौरान उन्हें सीजर का दौरा पड़ा था, जिसके कारण उनकी जान चली गई।
कई लोकप्रिय शो में किया था काम
अनुज ठाकुर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत डिज्नी चैनल के लोकप्रिय टीन शो 'धूम मचाओ धूम' से की थी। इसके बाद वह 'बंधन सात जन्मों का', 'बीनंद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' और BIG Magic के लोकप्रिय सिटकॉम 'महिसागर' में सागर मेहता के किरदार से घर-घर में पहचाने गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आखिरी पोस्ट
अनुज के निधन के बाद उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने जुलाई में दक्षिण अफ्रीका की अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा की थीं। अब इस पोस्ट पर उनके फैंस और तमाम कलाकार श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उन्हें याद कर रहे हैं।
